Visitors online: 004

आज भोपाल जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी और करेंगे शौर्य स्मारक उदघाटन

Home » Headlines

41 करोड़ रुपये की लागत से देश में शौर्य स्मारक को राजधानी की खूबसूरत अरेरा हिल्स के 12.67 एकड़ क्षेत्र में बनाया गया है। भारत-पाकिस्तान की नियंत्रण रेखा के पार जाकर भारतीय सेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी शिविरों पर हाल ही में किये गये सर्जिकल स्ट्राइक के बाद इस कार्यक्रम की अहमियत और बढ़ गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शौर्य स्मारक के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर और सेना की तीनों सेवाओं के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया है। आधिकारिक तौर पर बताया गया कि यह शौर्य स्मारक देश में एक अलग स्मारक है। सीमा पर जान देने वाले शहीद सैनिकों की शौर्य गाथाओं का दृश्य एवं श्रव्य माध्यम से लोगों के सामने प्रस्तुत करने की व्यवस्था की गई है।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आज भोपाल यात्रा के मद्देनजर राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री आज 4 बजे भोपाल हवाई अड्डे पर पहुंचेगे। उसके बाद वह राजधानी के मध्य में स्थित लाल परेड मैदान में पूर्व सैनिकों की शौर्य सम्मान सभा को सम्बोधित करेगें। सभा के बाद प्रधानमंत्री भोपाल में चातरुमास कर रहे जैन संत आचार्य विद्यासागर जी महाराज के दर्शन करने हबीबगंज स्थित जैन मंदिर जायेंगे। इसके पश्चात मोदी राजधानी की अरेरा हिल्स पर 41 करोड़ रुपये की लागत से 21.67 एकड़ क्षेत्र में बनाये गये देश में अपनी तरह के अनूठे शौर्य स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
 
आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि प्रधानमंत्री भोपाल से रवाना होने से पहले यहां लगभग तीन घंटे तक रहेगें। भोपाल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) रमन सिंह सिकरवार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा व्यस्था के लिये हवाई अड्डे और शहर में उनके जाने के स्थानों पर करीब 5,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, होटल और छात्रावासों सहित शहर के सार्वजनिक स्थानों पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है। सिकरवार ने बताया कि शहर में आने वाले वाहनों की मजबूत जांच की जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया गया है।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भोपाल यात्रा के मद्देनजर मध्यप्रदेश सरकार ने 14 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे के बाद विशेष अवकाश की घोषणा की है। आधिकारिक तौर पर आज यहां बताया गया कि राज्य शासन ने 14 अक्टूबर को शौर्य स्मारक के उद्घाटन कार्यक्रम और ट्रेफिक एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष अवकाश घोषित किया है। विशेष अवकाश भोपाल शहर में शासकीय एवं अर्द्ध-शासकीय कार्यालयों में दोपहर 3 बजे से रहेगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links