|
| कप्तान विराट कोहली को आज यहां भारतीय टीम के टेस्ट टीम रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने के लिये आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप गदा सौंपी गयी। भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में 321 रन की जीत से सीरीज में 3-0 से क्लीनस्वीप करने के बाद पूर्व भारतीय कप्तान और आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेम रहे सुनील गावस्कर ने एक समारोह में कोहली को यह प्रतिष्ठित गदा सौंपी। भारत ने कोलकाता में दूसरे टेस्ट मैच में जीत दर्ज करके आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में अपना नंबर 1 स्थान पक्का कर दिया था। टेस्ट टीम रैंकिंग सीरीज समाप्त होने के बाद ही अपडेट की जाती है और इसलिए भारत ने इंदौर टेस्ट समाप्त होने के बाद औपचारिक तौर पर पाकिस्तान को टॉप से हटाया। कोहली ने कहा, Сआईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप गदा हासिल करना सम्मान की बात है और यह गौरवशाली क्षण है। किसी भी टीम के लिये खेल के पारंपरिक प्रारूप में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम के रूप में मान्यता हासिल करना सबसे अच्छा है और हर कोई इसका सपना देखता है। महेंद्र सिंह धोनी के बाद कोहली दूसरे भारतीय और ओवरऑल 10वें कप्तान हैं जिन्होंने गदा हासिल की। कोहली के कप्तान बनने के बाद भारत हालांकि रैंकिंग तालिका में तीसरी बार टॉप पर पहुंचा है। भारत इस साल जनवरी फरवरी और फिर अगस्त में कुछ समय के लिये टॉप पर रहा था। भारतीय टीम सबसे लंबे समय तक नवंबर 2009 से अगस्त 2011 तक नंबर एक रही थी। तब धोनी टीम के कप्तान थे। जिन अन्य कप्तानों ने अब तक टेस्ट गदा हासिल की है, उनमें स्टीव वॉ, रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क, स्टीव स्मिथ (सभी ऑस्ट्रेलिया), एंड्रयू स्ट्रास (इंग्लैंड), ग्रीम स्मिथ, हाशिम अमला (दोनों दक्षिण अफ्रीका) और मिसबाह उल हक (पाकिस्तान) शामिल हैं। कोहली ने टीम को टॉप पर पहुंचाने के लिये अपने साथी खिलाड़ियों के लगातार अच्छे प्रदर्शन को श्रेय दिया। उन्होंने कहा, Сव्यक्तिगत प्रदर्शन महत्वपूर्ण है लेकिन आखिर में वह प्रदर्शन मायने रखता है जो टीम के काम आये। यदि हम विश्व में सर्वश्रेष्ठ टीम बन पाये तो इसकी वजह टीम के सदस्यों के बीच अच्छा तालमेल और मुश्किल परिस्थितियों में किसी का बेहतर प्रदर्शन करना रहा है। इससे हम टॉप टीम बने।Т कोहली ने कहा, Сमैं सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करता हूं जो सभी हमारी टीम का हिस्सा है क्योंकि मुझे लगता है कि सभी पक्षों के योगदान से ही इस तरह की उपलब्धि हासिल की जा सकती है। टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने के लिये काफी कड़ी मेहनत की जरूरत होती है।Т गावस्कर ने कहा कि इस तरह की उपलब्धि को वषरें तक याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा,Сमैं हमेशा यह मानता हूं कि टेस्ट क्रिकेट आपकी हर तरह से परीक्षा लेता है। इसमें शीर्ष पर काबिज होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह भिन्न परिस्थितियों में भी अच्छा प्रदर्शन करने का परिणाम है।Т आईसीसी मुख्य कार्यकारी डेविड रिचडर्सन ने भी भारत को पाकिस्तान से कुछ सप्ताह के अंदर ही टेस्ट नंबर एक स्थान हासिल करने के लिये बधाई दी। उन्होंने कहा, Сमैं भारत को इस शानदार प्रदर्शन के लिये बधाई देता हूं जिससे वह आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप गदा हासिल करने में सफल रहा। पिछले तीन महीनों में तीन बार नंबर एक रैंकिंग में बदलाव हुआ है जिससे टेस्ट क्रिकेट में कड़ी प्रतिस्पर्धा का पता चलता है। यह खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिये अच्छा है।Т भारत के अभी 115 अंक हैं लेकिन चोटी की चार टीमों के बीच केवल सात अंक का अंतर है। दूसरे स्थान पर काबिज पाकिस्तान (111 अंक), तीसरे नंबर की टीम ऑस्ट्रेलिया (108) और चौथे नंबर की इंग्लैंड (108) सभी आगामी टेस्ट सीरीज में खेलेंगी।
|