Visitors online: 002

74वें जन्‍मदिन पर पाक कलाकारों पर बोले अमिताभ बच्‍चन- देश गुस्‍से में, सभी के लिए एकता दिखाने का वक्‍त

Home » Headlines

उरी में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों पर पाबंदी लगाने की चौतरफा उठ रही मांग के बीच मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने मंगलवार को कहा है कि देश में नाराजगी है और अब समय आ गया है कि हम देश के जवानों के साथ खड़े दिखें। अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इस आशय के सवाल का जवाब देते हुए अमिताभ ने यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि वे कलाकारों का सम्मान करते हैं। उरी हमले के बाद राज ठाकरे के नेतृत्व में मनसे ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर आपत्ति जताई थी। गौर हो कि अमिताभ बच्चन मंगलवार को 74 साल के हो गये। अमिताभ ने इस मौके पर मीडिया से बातचीत भी की और सभी लोगों का आभार जताया। बिग बी ने कहा कि आपके प्रेम का धन्यवाद। बस यही कोशिश है कि यूंही काम करते रहे।

उरी हमले के बाद बॉलीवुड में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर विरोध के बारे में अमिताभ बच्चन ने कहा कि हमले के बाद से ही देश में गुस्सा है। यह समय सवाल उठाने का नहीं है, अभी जरूरत है कि सभी एकता दिखाएं। यह समय जवानों और आर्म्ड फोर्सेज को समर्पण दिखाने का है, जो दिन-रात सीमा पर हमारी रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। बच्चन से पूछा गया कि भारत में काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों के मुद्दे पर क्या बॉलीवुड बंटा हुआ तो उन्होंने कहा कि मेरा आपसे हाथ जोड़कर निवेदन है कि ऐसे सवाल पूछने के लिए यह सही समय नहीं है। आज 74 साल के हो गए बच्चन ने कहा कि सीमा पर हालात के मद्देनजर सभी को भारतीय सैनिकों के साथ एकता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश गुस्से से भरा हुआ है, सीमा पर जो कुछ भी हो रहा है उससे देश के लोग बेहद गुस्से में है। बच्चन ने कहा कि यह समय हमारे जवानों और सैन्य बलों के साथ एका दिखाने का है जो हमें सुरक्षित करने के लिए अपने जीवन का बलिदान कर रहे हैं। सवाल इसी पर आधारित होना चाहिए।

जब उनसे पूछा गया कि किसी देश विशेष के कलाकारों पर पाबंदी लगाई जानी चाहिए या नहीं तो उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब मैं पहले ही दे चुका हूं। मैं सभी कलाकारों का सम्मान करता हूं। बच्चन ने इन रिपोर्टों को खारिज किया जिनमें कहा गया था कि बच्चन उरी के शहीदों के लिए गीत गाने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है। मैं नई दिल्ली में था जब किसी सांसद ने मेरे द्वारा गाई गई हनुमान चालीसा, गणपति आरती की तारीफ की और कहा कि मुझे उनके (उरी के शहीदों) के लिए भी गाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आपको गाना चाहिए और खबरों में आया कि मैं गाना गाउंगा।

जब उनसे पूछा गया कि शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि अमिताभ बच्चन अगले राष्ट्रपति होने चाहिए। राजनीति में आने और राष्ट्रपति बनने के सवाल पर बिग बी ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला है। शत्रुघ्न सिन्हा मजाक करते रहते हैं। अमिताभ ने कहा कि 'पिंक', 'वजीर' दर्शकों को पसंद आई है लेकिन अब वक्त आगे बढ़ने का है। मैं भविष्य में चैलेंजिंग रोल्स करना चाहता हूं।

जीवन में नई चीजें सीखने की बात पर अमिताभ बोले कि यहां मेरे घर में कई तरह के वाद्ययंत्र रखे हुए हैं। जब कभी समय मिलता है तो मैं उन्हें बजाने की कोशिश करता हूं। बच्चन ने बताया कि मैं गायकी सीखना चाहता हूं। मैं नई-नई भाषाएं सीखना चाहता हूं। जब कभी भी मौका मिलेगा, समय निकाल सकूंगा तो यह सारे काम जरूर करना चाहूंगा। जाहिर है कि इस उम्र में भी अमिताभ में सीखने की ललक कम नहीं हुई है।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links