|
| पाकिस्तान भले ही सार्वजनिक तौर पर स्वीकार ना करे लेकिन अब उसे भी महसूस होने लगा है कि वह वैश्विक रूप से अलग-थलग पड़ता जा रहा है। भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान आतंकी कैंप को लेकर वह बेनकाब हुआ है और उसके लिए हालात दिन-ब-दिन मुश्किल होते जा रहे हैं। सार्क समिट में भारत सहित पांच देशों के बहिष्कार के बाद पाकिस्तान को बड़ा झटका पहले ही लग चुका है। अंग्रेजी अखबार डॉन में छपी रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की नवाज सरकार को भी इस बात का अंदाजा होने लगा है कि हालिया दिनों में पाकिस्तान ग्लोबल बिरादरी में अलग-थलग हो रहा है। अखबार के मुताबिक नवाज सरकार ने मिलिट्री लीडरशिप को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग होने के खतरे से आगाह कर दिया है। अंग्रेजी अखबार डॉन के मुताबिक पाकिस्तान की नवाज सरकार ने पहली बार पाकिस्तानी सेना को सख्त चेतावनी दी है। सरकार ने कहा है कि आतंकियों का सफाया करना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं किया गया तो दुनिया में पाक को अलग-थलग करने से कोई रोक नहीं पाएगा। डॉन में छपी खबर के मुताबिक पाकिस्तान सरकार ने सेना से साफ-साफ कहा है कि आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करो या अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अलग-थलग रहने के लिए तैयार रहो। सरकार ने कहा है कि पाकिस्तान पर अलग-थलग पड़ने का अंतर्राष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है। साथ ही सरकार की ओर से उठाए गए कदमों पर एकमत होने का भी संदेश दिया है। गौर हो कि जम्मू-कश्मीर में उरी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को दुनिया से अलग-थलग करने की रणनीति अपनाई थी। इसमें उसे तब बड़ी कामयाबी मिली थी, जब 5 देशों ने पाकिस्तान का बहिष्कार करते हुए नवंबर में सार्क समिट में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था। गौरतलब है कि पिछले महीने उरी स्थित सैन्य मुख्यालय पर आतंकी हमले में 19 भारतीय जवान शहीद हो गये थे।
|