Visitors online: 002

PoK में भारत के सर्जिकल स्ट्राइक का रूस ने किया समर्थन, कहा- उरी में पाकिस्तान से आए थे आतंकी

Home » Headlines

पाकिस्तान के साथ कुछ दिन पहले संयुक्त सैन्यअभ्यास करने वाले रूस ने इस्लामाबाद को झटका दिया है। रूस ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भारत के सर्जिकल स्ट्राइक का समर्थन किया है। सर्जिकल स्ट्राइक का समर्थन करते हुए भारत में रूस के राजदूत अलेक्जेंडर एम. कदाकिन ने सोमवार को कहा कि रूस यह कहने वाला पहला देश था कि उरी में 19 भारतीय जवानों की हत्या करने वाले आतंकवादी पाकिस्तान से आए थे।  

राजदूत ने कहा, 'हम भारत के खिलाफ होने वाली आतंकवादी घटनाओं के विरोध में हैं और हमने खुले तौर पर इसे कहा भी है। इस तरह की आतंकवादी घटनाओं को रोकने के लिए हर देश को ऐसी कार्रवाई करने का अधिकार है।'

'सीएनएनन्यूज18' से बात करते हुए कदाकिन ने पाकिस्तान से सीमापार से आतंकवाद पर रोक लगाने के लिए कहा।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान द्वारा कश्मीर में कथित मानवाधिकार उल्लंघन के मामले उठाए जाने के सवाल पर कदाकिन ने कहा कि 'मानवाधिकार का सबसे ज्यादा उल्लंघन तब होता है जब आतंकवादी भारत में सैन्य प्रतिष्ठानों और निर्दोष लोगों पर हमला करते हैं।' उन्होंने कहा, 'यह मानवाधिकार उल्लंघन का सबसे क्रूर चेहरा है।'

हाल ही में रूस-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य अभ्यास के सवाल पर राजदूत ने कहा, 'भारत को चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह दो देशों की दो सेनाओं के बीच एक सामान्य अभ्यास था।'

गौरतलब है कि उरी में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। उरी हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सेना ने 29 सितंबर को पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक किया। भारतीय सेना ने पीओके में आतंकवादियों के करीब सात लॉन्चिंग पैड को तबाह किया। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तान का दावा है कि भारतीय सेना के हमले में उसके दो जवान भी मारे गए।

भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान भारत में आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तानी सेना आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए एलओसी पर भीषण गोलीबारी कर रही है जिससे स्थानीय लोगों में दहशत है।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना के सीजफायर उल्लंघन का भारतीय जवान मुहंतोड़ जवाब दे रहे हैं।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links