|
| नीरज पांडे निर्देशित फिल्म 'एमएस धोनी : द अनटोल्ट स्टोरी' ने भारत में रिलीज होने के बाद शुरुआती दो दिनों में 41.9 करोड़ रुपये की कमाई की। अब इस फिल्म ने सिर्फ तीन दिन में 66 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। भारत की सीमित ओवर की टीमों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर आधारित फिल्म में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को क्रिकेट खिलाड़ी के किरदार में देखा जा रहा है। शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ने शनिवार को 20.6 करोड़ रुपये कमाए थे, जिसके बाद इसने दो दिन में 41.9 करोड़ रुपये की कमाई की। तीसरे दिन भी इसने बेहतर बिजनेस करते हुए अबतक कुल 66 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली। लिहाजा यह फिल्म 2 से तीन दिनों में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है। इस फिल्म को उत्तर प्रदेश में कर मुक्त कर दिया गया है। 'फॉक्स स्टार स्टूडियो' और अरुण पांडे द्वारा निर्मित बायोपिक 'एमएस धोनी : द अनटोल्ट स्टोरी' में कियारा आडवाणी, दिशा पांडे और अनुपन खेर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'फॉक्स स्टार स्टूडियो' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह ने कहा, हम धोनी की बायोपिक को मिले इस प्यार के लिए भारत के शुक्रगुजार हैं। वह इस धरती के बेटे हैं और उन्हें क्रिकेट प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरे उतरते देखना शानदार है। 'इंस्पायर्ड एंटरटेनमेंट' के चेयरमैन और फिल्म के सह-निर्माता ने 'एमएस धोनी : द अनटोल्ट स्टोरी' को मिले समर्थन के लिए देश का आभार जताया है।
|