Visitors online: 001

उरी के शहीदों को नम आंखों और राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

Home » Headlines

जम्मू कश्मीर के उरी में शहीद हुए सैनिकों को मंगलवार को नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई और उनके पैतृक गांवों में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

रविवार को जम्मू कश्मीर के उरी में ब्रिगेड मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सैन्यकर्मियों के शवों को उनके संबंधित गांवों में लाया गया। वहीं ग्रामीणों ने शव यात्रा निकाली और नारों के बीच नम आंखों से परिवार के सदस्यों ने अपने प्रियजनों को विदाई दी।

महाराष्ट्र के नासिक जिले के संदीप सोमनाथ थोक, चंद्रकांत शंकर गलांडे (सतारा), विकास जर्नादन कुलमथे (यवतमाल) और पंजाब उर्फ विकास जनराव यूइक (अमरावती) के शवों को उनके गांवों में लाया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उन्हें बंदूकों की सलामी दी गई।

झारखंड में, गुमला के नायामन कुजुर और खूंटी के जावरा मुंडा की याद में कैंडल लाइट मार्च निकाला गया। पाकिस्तान समर्थक आतंकवादियों के हमले में शहीद हुए 18 सैनिकों में वे शामिल थे। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

एन एस रावत का राजस्थान के राजसमंद जिले के उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जब रावत के पांच वर्षीय बेटे चंद सिंह ने चिता को अग्नि दी तब सभी की आंखें नम थीं। उसकी बहन उस वक्त पास ही खड़ी थी।

बिहार के तीन सैनिकों एस के विद्यार्थी (गया), राकेश सिंह (कैमूर) और अशोक कुमार सिंह (आरा) को अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम संस्कार में शरीक होने के लिए राज्य के मंत्री पहुंचे थे।

पश्चिम बंगाल से ताल्लुक रखने वाले जवान गंगाधर डोलूइ और बिश्वजीत घोराय को भी उनके अंतिम संस्कार के वक्त बंदूकों की सलामी दी गई।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links