|
| आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब के अपने चार दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को अमृतसर पहुंचे। उन्होंने श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेका। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि यदि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आती है तो अमृतसर को पवित्र शहर का दर्जा दिया जाएगा। आनंदपुर साहिब को धार्मिक नगरी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इन शहरों में तंबाकू, मीट आदि पर बैन लगाया जाएगा। इसके अलावा, अमृतसर को पूरी तरह नशामुक्त शहर बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि श्री दरबार साहिब के आस-पास के इलाकों में शराब और मीट पर पाबंदी लगाई जाएगी।
केजरीवाल ने यह भी कहा कि हमारी लड़ाई भ्रष्ट्राचार और नशे के खिलाफ है। अब यह लड़ाई निर्णायक मोड़ पर आ गई है। उन्होंने वादा किया कि यदि आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो अमृतसर में शराब बिक्री बंद कर दी जाएगी। वैसे केजरीवाल के विरोध के लिए सुबह से ही अलग-अलग पार्टियों के कार्यकर्ता वहां एकत्र होने शुरू हो गए थे और उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस लिए केजरीवाल को कड़ी सुरक्षा के घेरे में श्री दरबार साहिब के अंदर ले जाया गया।
|