|
| 2017 में इंग्लैंड में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय क्रिकेट टीम के शामिल होने को लेकर खतरा मंडरा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) को धमकी दी है कि 2017 में इंग्लैंड में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से टीम इंडिया अपना नाम वापस ले सकती है। बीसीसीआई की नाराजगी इसलिए है क्योंकि आईसीसी ने बीसीसीआई को दुबई में हुई फाइनेंस कमिटी की बैठक में नहीं बुलाया था।
बीसीसीआई सचिव अजय शिर्के इस बैठक में आईसीसी की तरफ से नहीं बुलाए जाने को लेकर बेहद खफा हैं, जिसके बाद उन्होंने अंग्रेजी अखबार को दिए एक बयान में आईसीसी के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और चैंपियंस ट्रॉफी से टीम इंडिया का नाम वापस लेने की भी धमकी दी। अगर दुर्भाग्य से ऐसा हुआ तो फिर विराट कोहली और कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी को उनके करोड़ों फैंस खेलते हुए नहीं देख पाएंगे। दरअसल बीसीसीआई और आईसीसी के बीच इस बात के पीछे तनातनी की वजह भी है। बीसीसीआई को इस साल 8 मार्च से 3 अप्रैल तक वर्ल्ड टी20 के आयोजन के लिए आईसीसी ने चार करोड़ 50 लाख डॉलर आवंटित किए थे और अब इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड को दी जाने वाली राशि में तीन गुना इजाफा किया है। बीसीसीआई को यही बात नागवार गुजरी है जिसका उसने विरोध जताया है। इंग्लैंड में 19 दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता (चैंपियंस ट्रॉफी 2017) के लिए लागत में काफी इजाफा किया गया है जबकि उसे सिर्फ 15 मैचों की मेजबानी करनी है। जबकि भारत में वर्ल्ड टी20 पूरे 27 दिन चला था और इस दौरान 58 खेले गए थे। चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 1 जून 2017 को इंग्लैंड में होने वाली है। बीसीसीआई और आईसीआई में तनातनी की जो भी वजहें हो लेकिन कोई भी क्रिकेट प्रेमी ये नहीं चाहेगा कि भारत जैसी लोकप्रिय टीम इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर हो जाए।
|