|
| अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा इस सप्ताह अपने अंतिम एशियाई दौरे पर रवाना होंगे और इस दौरान वे जलवायु परिवर्तन, वैश्विक अर्थव्यवस्था और एशिया प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देंगे। ओबामा एक सप्ताह की एशिया की यात्रा पर जाएंगे जो एशिया प्रशांत क्षेत्र में उनकी दसवीं यात्रा होगी। इस दौरान वे चीन और लाओस जाएंगे। वह लाओस जाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे। चीन में ओबामा चार सितंबर को आयोजित हो रहे जी 20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेता शामिल होंगे। ओबामा और मोदी जी 20 शिखर सम्मेलन के इतर मुलाकात कर सकते हैं लेकिन अब तक इस संबंध में कोई घोषणा नहीं हुई है। ओबामा तीन सितंबर को अपने चीनी समकक्ष शी चिनफिंग से मिलेंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा उपसलाहकार बेन रोडेस ने कहा, Сहम अमेरिका चीन रिश्तों में बीते साढे सात वषरें के दौरान सामने आए सभी मुद्दों पर गौर करेंगे।Т उन्होंने कहा, Сसकारात्मक पहलू पर, हम वैश्विक अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, ईरान समझौते के जरिये परमाणु हथियार प्रसार रोकने के हमारे साझा प्रयासों, कोरिया प्रायद्वीप की स्थिति के बारे में हमारी साझा चिंताओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।Т उन्होंने कहा कि वे साइबर, कुछ आर्थिक परंपराओं, दक्षिण चीन सागर के समुद्री मुद्दों को लेकर तनाव तथा मानवाधिकारों पर मतभेदों पर भी गौर करेंगे। जी20 सम्मेलन में भाग लेने के बाद ओबामा लाओस जाएंगे जहां वह आसियान और पूर्व एशिया शिखर वार्ताओं में शामिल होंगे तथा लाओस नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। लाओस में एक भाषण के दौरान ओबामा के बीते सात वषरें में एशिया को लेकर उनकी नीति की समीक्षा करने की संभावना है।
|