|
| दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर सियासी घमासान छिड़ने के पूरे आसार दिख रहे हैं. एक ओर जहां केजरीवाल के घर के सामने पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद महेश गिरि के रविवार रात से ही जारी आमरण अनशन में सोमवार 11 बजे कद्दावर नेता सुब्रमण्यम स्वामी शामिल होने वाले हैं. वहीं दूसरी ओर मौके की नजाकत को देखते हुए अनशन की जगह पर बड़ी संख्या में सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया है. इस बीच गिरि की खुली बहस की चुनौती का कोई जवाब देने के बजाय अरविंद केजरीवाल ने उन पर दोबारा आरोप लगाया और जांच की मांग की. दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने गिरि पर हत्या का आरोप लगाया था.
केजरीवाल ने फिर आरोप दोहराया
प्रदर्शन की जगह पर सीआरपीएफ की तैनाती एनडीएमसी के ऑफिसर एमके खान की हत्या के मामले में आरोपों से बौखलाए गिरि रविवार को केजरीवाल के घर के बाहर धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा है कि जब तक केजरीवाल अपने आरोपों को लेकर उनके साथ सार्वजनिक तौर पर बहस नहीं करते, यहां से नहीं जाएंगे. आमरण-अनशन करेंगे. केजरीवाल ने बीजेपी सांसद महेश गिरि और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष करन सिंह तंवर पर निगम के अफसर एमके खान की हत्या का आरोप लगाया था. उन्होंने उपराज्यपाल नजीब जंग को इस बारे में एक चिट्ठी भी लिखी थी. जबकि गिरि ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए केजरीवाल को खुली बहस की चुनौती दी थी.
|