Visitors online: 001

13 शामिल ,14 हटाए गए ;कर्नाटक मंत्रिमंडल में भारी फेरबदल

Home » Headlines

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने मंत्रिमंडल में व्यापक फेरबदल करते हुए रविवार को 14 मंत्रियों को हटा दिया और 13 नए मंत्रियों को इसमें शामिल किया।

कांग्रेस आलाकमान द्वारा इस बहुप्रतीक्षित फेरबदल को हरी झंडी दिखाने के साथ मुख्यमंत्री ने नौ कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्री अपने मंत्रिमंडल में शामिल किए। राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल वाजूभाई वाला ने नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

शपथ ग्रहण के पहले मुख्यमंत्री ने 14 मंत्रियों को पद से हटाने की सिफारिश की जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया।

तनवीर सैत, के थिम्मप्पा, रमेश कुमार, बासवराज राया रेड्डी, एच वाई मेती, एस एस मल्लिकाजरुन, एम आर सीताराम, संतोष लाड और रमेश जरकिहोली को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

प्रियांक खडगे, रूद्रप्पा लमनी, ईश्वर खंद्रे और प्रमोद माधवराज को राज्य मंत्री नियुक्त किया गया है।

थिम्मप्पा और रमेश कुमार पूर्व विधानसभाध्यक्ष हैं जबकि खडगे लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे के पुत्र हैं।

जिन मंत्रियों को हटाया गया है उनमें कमरूल इस्लाम, शामनूर शिवशंकरप्पा, वी श्रीनिवास प्रसाद, एमएच अंबरीश, विनय कुमार सोराके, सतीश जारकिहोली, बाबूराव चिंचानसूर, शिवराज संगप्पा तांगदागी, एसआर पाटिल, मनोहर तहसीलदार, के अभयचंद्र जैन, दिनेश गुंडू राव, किमाने रत्नाकर, पीटी परमेश्वर नाइक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री को कल पार्टी आलाकमान से फेरबदल के लिए हरी झंडी मिली थी। फेरबदल में मुख्यमंत्री ने जाति और क्षेत्र के समीकरण को संतुलित करने का प्रयास किया है।

कर्नाटक में दो साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं और कर्नाटक एकमात्र ऐसा प्रमुख राज्य है जहां कांग्रेस का शासन है। इस फेरबदल के साथ ही मंत्रियों की संख्या 33 हो गयी है।


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links