|
| मशहूर सिंगर सोनू निगम का 30 जुलाई याने की आज जन्मदिन है। भारतीय सिनेमा के सबसे सफलतम गायकों में गिने जाने वाले सोनू निगम का जन्म साल 1973 में हरियाणा के फरीदाबाद में हुआ था। सोनू निगम ने महज तीन साल की उम्र में अपना संगीत करियर शुरू किया था, तब उन्होंने एक स्टेज शो में अपने पिता के साथ मोहम्मद रफी का क्या हुआ तेरा वादा... गीत गाया था। इसके बाद सोनू अपने माता-पिता, शोभा निगम और अगम कुमार निगम, के साथ शादी-पार्टी जैसे आयोजनों में गाने गाया करते थे। 18 साल की उम्र में बॉलीवुड में किस्मत आजमाने के लिए सोनू मुंबई गए। शुरुआती दौर में सोनू निगम को काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने टी सीरीज के लिए रफी की यादें एल्बम में काम किया । 1995 में उन्होंने "सारेगामापा" रियलिटी शो में बतौर होस्ट काम किया। इसी साल उन्होंने फिल्म बेवफा सनम में अच्छा सिला दिया... गाना गाया जो बहुत ज्यादा चर्चित हुआ। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सोनू निगम अपनी वर्सटैलिटी के लिए जाने जाते हैं। सोनू निगम मोहम्मद रफी को अपनी प्रेरणा मानते हैं और संगीत को जानने वाले कहते हैं कि सोनू की शैली रफी जैसी है। सोनू ने 12 भाषाओं में अलग- अलग जॉनर के कई हिट गाने गाए हैं। हिंदी के अलावा सोनू ने उड़िया, तमिल, पंजाबी, बंगाली, असामी, मलयालम, तेलुगु, और नेपाली भाषाओं में भी गीत गाया है | साल 2013 में सोनू निगम को यूएस के बिलबोर्ड अनचार्टेड चार्ट में 2 बार नंबर 1 सिंगर का खिताब मिला था | सिंगिंग के अलावा सोनू निगम ने फिल्मों में एक्टिंग भी की है | 1983 की फिल्म बेताब में सोनू ने चाइल्ड एक्टर की भूमिका निभाई थी | उसके बाद लव इन नेपाल, जानी दुश्मन- एक अनोखी कहानी और काश आप हमारे होते फिल्मों में अहम भूमिका निभाई थी | हॉलीवुड फिल्म रिओ और अलादीन के हिन्दी डबिंग में अपनी आवाज भी दी थी | छोटी सी उम्र में सोनू के बेटे नेवान निगम ने भी कोलावरी डी गीत को अपने स्टाइल में गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया था |
|